जालंधर। स्वतंत्रता दिवस समारोहों के मद्देनजर जालंधर पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर जालंधर ने देर रात शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों, बाजारों, पुलिस नाकों, पुलिस पोस्टों और थानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी, तैयारियों और चेकिंग व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
पुलिस कर्मचारियों को प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करने, ड्यूटी के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए गए। स्वतंत्रता दिवस के दौरान शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा प्रबंधों को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोहों के दौरान शहरवासियों और बाहर से आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। शहर में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से लगातार निगरानी और चेकिंग जारी रहेगी।

