जालंधर-लुधियाना NH पर भीषण टक्कर: CNG सिलेंडरों से भरा ट्रक टिप्पर से भिड़ा, केबिन में फंसा ड्राइवर

जालंधर-लुधियाना NH पर ट्रक और टिप्पर की टक्कर, हादसे में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जालंधर जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर गोराया मुख्य चौक के फ्लाईओवर पर सड़क हादसा हो गया। यहां CNG सिलेंडरों से भरे तेज रफ्तार ट्रक की रेत से लदे टिप्पर से टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर केबिन में फंस गया। गनीमत रही कि CNG सिलेंडरों में विस्फोट नहीं हुआ, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस और सड़क सुरक्षा फोर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।

फ्लाईओवर पर पीछे से घुसा ट्रक

रेत से भरा टिप्पर हाईवे के मुख्य चौक वाले फ्लाईओवर से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे CNG सिलेंडरों से भरे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टिप्पर ड्राइवर संदीप के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि उनके वाहन का टायर पंचर हो गया। जोरदार धमाके जैसी आवाज आई। हादसे में CNG ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन मुड़ने के कारण ड्राइवर अंदर फंस गया।

सड़क सुरक्षा फोर्स ने बचाई जान

हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से SSF ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे घायल ड्राइवर को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे एंबुलेंस से सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं।

बड़ा हादसा टला, पुलिस जांच में जुटी

CNG सिलेंडरों से भरा ट्रक होने के कारण हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर दहशत का माहौल रहा। हालांकि, समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया। दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर बहाल कराया। फिलहाल स्थानीय पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं।

Share This Article
Leave a comment