जालंधर/विजयपाल सिंह
मुस्लिम कॉलोनी इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने सड़क किनारे जा रहे मां और बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों काफी दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा होने लगी, जिसे देख आरोपी चालक अपनी गाड़ी को मौके पर ही लावारिस छोड़कर भाग निकला। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया।
स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर फरार आरोपी चालक की पहचान व तलाश में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मेडिकल रिपोर्ट व प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
