तीन देशों में भारत के राजदूत रहे, अब नागरिकता का प्रमाण मांगा: SIR पर पूर्व राजदूत सूरी की पत्नी ने जताई हैरानी

अमृतसर कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू और कॉमेडियन कपिल शर्मा के परिवार के साथ करीब 12 साल से पड़ोसी संबंध होने के बावजूद पूर्व राजदूत नवदीप सिंह सूरी को अपनी नागरिकता साबित करने के लिए नोटिस जारी होने पर उनकी पत्नी मनी सूरी ने हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि नवदीप सूरी के गुरु नगरी अमृतसर के निवासी होने की गवाही नवजोत सिंह सिद्धू और कपिल शर्मा का परिवार दे रहा है। इसके बावजूद उन्हें नागरिकता के दस्तावेज पेश करने के लिए नोटिस मिलना हैरान करने वाला है।

मनी सूरी ने कहा कि नवदीप सिंह सूरी ने सोशल मीडिया परसाझा की गई पोस्ट में अपनी स्थिति और इससे जुड़े सवालों को सही तरीके से सामने रखा है। उन्होंने विदेशों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और तीन देशों में राजदूत के तौर पर सेवाएं दी हैं। ऐसे में इतने महत्वपूर्ण पद पर जिम्मेदारी निभाने के बाद भी उन्हें अपनी नागरिकता साबित करने के लिए दस्तावेज देने पड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक देश का प्रतिनिधित्व कर चुका हो और उसकी पहचान भारतीय राजनयिक के तौर पर रही हो तो उसके सामने नागरिकता प्रमाणित करने का सवाल खड़ा होना सामान्य बात नहीं है। उनके मुताबिक सूरी की पोस्ट में उठाए गए सवालों को गंभीरता से देखा जाना चाहिए।
मनी सूरी ने कहा कि मामला केवल उनके पति तक सीमित नहीं है। यह आम नागरिक के लिए भी चिंता का विषय है। अगर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके व्यक्ति को भी नागरिकता साबित करने के लिए दस्तावेज देने पड़ें तो आम लोगों को ऐसी स्थिति में कितनी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

प्रक्रिया पारदर्शी और व्यावहारिक हो : सांसद औजला

अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने पूर्व राजदूत नवदीप सिंह सूरी को नागरिकता साबित करने में सामने आई परेशानी को लेकर सरकार की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब तीन देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व राजदूत को अपनी नागरिकता साबित करने के लिए दस्तावेज देने पड़ रहे हैं तो आम नागरिकों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
औजला ने कहा कि नागरिकों से दस्तावेज मांगने की प्रक्रिया पारदर्शी और व्यावहारिक होनी चाहिए। केवल दस्तावेजों की कमी या प्रक्रिया की जटिलता के कारण किसी व्यक्ति को अपनी नागरिकता को लेकर असमंजस में नहीं डाला जाना चाहिए।

एसआईआर में बड़े स्तर पर धांधली हुई : कुंवर विजय प्रताप

पूर्व आईजी और उत्तरी हलके से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने कहा कि एसआईआर में बड़े स्तर पर धांधली हुई है। इसी कारण पूर्व राजदूत नवदीप सिंह सूरी को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों में कुछ और जमीनी हकीकत कुछ और है। अमृतसर के 11 हलकों में 2.42 लाख वोट कटे हैं। हालात यह हैं कि अधिकारी विधायक का फोन तक नहीं उठाते। ऐसे में आम लोगों की परेशानी का अंदाजा लगाया जा सकता है।

Share This Article
Leave a comment