पंजाब ब्यूरो :- पंजाब में नशा और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अमृतसर देहाती पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सीमा पार से संचालित होने वाले एक बड़े ड्रग्स और अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए तीन प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन और एक .30 बोर की अवैध पिस्तौल बरामद की है।
इस संबंध में पुलिस स्टेशन लोपोके में आरोपियों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे तस्करी नेटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों (Forward and Backward Linkages) का पता लगाने, सीमा पार बैठे इनके आकाओं तथा स्थानीय मददगारों की पहचान करने के लिए सघन जांच की जा रही है। पंजाब पुलिस राज्य से नशा तस्करी और अवैध नेटवर्क को पूरी तरह खत्म कर एक सुरक्षित और नशा-मुक्त पंजाब के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
