जालंधर, 10 अक्टूबर: पंजाब की सियासत में जालंधर नॉर्थ विधानसभा हलके के भीतर कांग्रेस को उस समय एक बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब प्रमुख कांग्रेसी नेता माइक खोसला के भाई राज खोसला और उनके भतीजे देवन खोसला ने कांग्रेस का दामन छोड़ आम आदमी पार्टी (AAP) का दामन थाम लिया। आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता और वार्ड इंचार्ज डा. बीडी शर्मा की अगुवाई में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के दौरान जालंधर नॉर्थ के हलका इंचार्ज व मेयर वनीत धीर की मौजूदगी में दोनों नेताओं को विधिवत रूप से पार्टी में शामिल करवाया गया। मेयर धीर ने दोनों नेताओं का पार्टी में गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में प्रदेश भर में चल रही जनहितैषी नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर लगातार जमीनी स्तर के नेता AAP से जुड़ रहे हैं, जिससे जालंधर नॉर्थ में पार्टी का आधार और अधिक मजबूत हुआ है।
वहीं, कांग्रेस को अलविदा कहकर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए राज खोसला और देवन खोसला ने कांग्रेस के स्थानीय नेतृत्व पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में जमीनी कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी की जाती है और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर नहीं मिलते, जिसके चलते हलके में पिछले लंबे समय से विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े थे। राज खोसला ने स्पष्ट किया कि जब से मेयर वनीत धीर ने जालंधर नॉर्थ के हलका इंचार्ज की कमान संभाली है, इलाके में विकास की नई रफ्तार देखने को मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और मेयर धीर की कार्यप्रणाली पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि वे जनसेवा के इस कारवां को आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की कार्यशैली से नाराज कई अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी आने वाले दिनों में जल्द ही आम आदमी पार्टी का हिस्सा बनेंगे।

