जालंधर- पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (आईपीएस) के दिशा-निर्देशों तथा मनप्रीत सिंह ढिल्लों (पीपीएस, डीसीपी स्पेशल ब्रांच) व गुरबाज सिंह (पीपीएस, एडीसीपी ट्रैफिक) की देखरेख में कमिशनरेट पुलिस जालंधर ने थानों में लंबे समय से खड़े जब्त वाहनों के निपटारे के लिए विशेष अभियान चलाया है। इसी कड़ी के तहत थाना डिवीजन नंबर 2 और थाना नवी बारादरी के अधिकार क्षेत्र में मोटर वाहन अधिनियम (Section 207 MV Act) व विभिन्न केसों में लंबे समय से अनक्लेम्ड पड़े वाहनों की नीलामी प्रक्रिया आयोजित की गई। 31 अगस्त 2026 को पुलिस लाइंस में एक 6 सदस्यीय कमेटी की निगरानी में खुली बोली (Open Bidding) के जरिए कुल 232 वाहनों की सफलतापूर्वक नीलामी की गई। इस प्रक्रिया में 19 बोलीदाताओं ने हिस्सा लिया और तय सरकारी नियमों के अनुसार वाहनों की खरीद की।
नीलामी से प्राप्त कुल राजस्व को सरकारी नियमों के तहत राज्य सरकार के संबंधित हेड में जमा कराया जाएगा। इसके साथ ही अन्य थानों में लंबे समय से खड़े वाहनों के निपटारे की प्रक्रिया भी जारी है। कमिशनरेट पुलिस जालंधर ने संबंधित वाहन मालिकों से अपील की है कि यदि उनका कोई वाहन थाने में कानूनी रूप से रिलीज होने योग्य है, तो वे जल्द से जल्द संबंधित थाने में लिखित आवेदन देकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करें ताकि उनके वाहन छोड़े जा सकें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जब्त वाहनों के पारदर्शी और नियमबद्ध निपटारे के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
