जालंधर ब्यूरो :- जालंधर के पठानकोट बाईपास के नजदीक देर रात एक सनसनीखेज मामले में विश्व हिंदू परिषद और गौ रक्षा दल की टीमों ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गोवंश से भरी दो महिंद्रा पिकअप गाड़ियों को सफलतापूर्वक पकड़ लिया। तस्करों ने गोवंश को छुपाने के लिए गाड़ियों को तिरपाल से ढक रखा था और उन्हें बेहद क्रूरता पूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। टीम द्वारा रोके जाने पर जब तस्करों ने भागने की कोशिश की, तो एक संदिग्ध वाहन ने दूसरे वाहन को टक्कर मार दी और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से जा टकराया, जिसके बाद गौ रक्षक टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक चालक को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि गाड़ियों से तीन बैल बरामद किए गए हैं। मौके पर पशुओं के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या बिल पेश नहीं किया जा सका, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि इन मवेशियों को पठानकोट और जम्मू के इलाकों में अवैध कटाई व मांस की तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और दोनों पिकअप गाड़ियों को कब्जे में लेकर हिरासत में लिए गए चालक से पूछताछ शुरू कर दी है, साथ ही पुलिस का कहना है कि गहन छानबीन के बाद इस अवैध रैकेट में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
