जालंधर दशहरा ग्राउंड में नशे का खेल! युवक खुलेआम नशा करते कैमरे में कैद

जालंधर– जालंधर स्थित बस्ती इलाके के घास मंडी चौक के पास दशहरा ग्राउंड में युवकों द्वारा नशा करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों और दशहरा ग्राउंड प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने नशा कर रहे युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया और उनकी धुनाई कर चेतावनी देकर छोड़ दिया। इसी जगह पहले भी नशे के कारण एक युवक की जान जा चुकी है। बार-बार होती इन घटनाओं से इलाके में भारी रोष व्याप्त है और लोगों ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और नियमित गश्त की मांग की है। वीडियो बनाने के बाद स्थानीय निवासियों और दशहरा ग्राउंड प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने मिलकर नशा कर रहे युवकों को मौके पर ही घेर लिया। कमेटी के सदस्यों और लोगों ने इन युवकों को पकड़कर उनके इस कदम का कड़ा विरोध जताया। बताया जा रहा है कि गुस्से में आए लोगों और कमेटी सदस्यों ने नशाड़ियों की जमकर पिटाई की और उन्हें भविष्य में दोबारा इस मैदान में कदम न रखने की सख्त चेतावनी दी।

नशा करने वाले युवक मौके से भाग गए

कमेटी के सदस्यों की सख्ती और मारपीट के बाद नशा कर रहे युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, इस पूरी घटना का वीडियो बाद में इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड कर दिया गया। देखते ही देखते यह वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुप्स पर तेजी से वायरल हो गया और पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया।

नशे के वजह से युवक की हो चुकी है मौत

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ ही समय पहले इसी दशहरा ग्राउंड में अत्यधिक नशे के सेवन (ओवरडोज) के कारण एक युवक की दर्दनाक मौत भी हो चुकी है। इतने बड़े हादसे के बाद भी मैदान में असामाजिक तत्वों और नशा करने वालों का जमावड़ा कम नहीं हुआ है, जिससे आसपास का माहौल लगातार खराब हो रहा है।

दशहरा ग्राउंड जैसी सार्वजनिक जगह पर बार-बार नशे की गतिविधियों के संचालन से स्थानीय लोगों में प्रशासन और पुलिस के प्रति गहरा रोष और गुस्सा भरा हुआ है। निवासियों का आरोप है कि उचित पुलिस गश्त न होने के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर खुले मैदानों को अपना अड्डा बना रहे हैं।

Share This Article
Leave a comment