अखंड केसरी ब्यूरो :-;हमीरपुर के चीलवहाल-लाहड़-मसीयाणा में हुए निर्माणाधीन ब्रिज हादसे के दौरान राहत एवं बचाव कार्य में हिमाचल प्रदेश गृह रक्षक दल (Home Guard) के कमांडर श्री अशोक रांगड़ा और उनकी टीम ने अद्भुत मिसाल पेश की है। अपनी जान की परवाह किए बिना अदम्य साहस, तत्परता और मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए इन जवानों ने मौके पर त्वरित कार्रवाई कर पाँच मजदूरों की जान बचाई। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुँचे राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य एवं सचिव रैंक (हि.प्र. सरकार) श्री राजीव राणा ने इस रेस्क्यू अभियान की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। श्री राणा ने कहा कि संकट की इस घड़ी में गृह रक्षक दल के जवानों का यह सेवा-भाव और कर्तव्यनिष्ठा पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है।
यद्यपि इस हादसे में एक मजदूर की असामयिक मृत्यु का गहरा दुःख है, परंतु राहत दलों की मुस्तैदी से कई अन्य अनमोल जिंदगियां बचा ली गईं। दिवंगत मजदूर के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए, श्री राणा ने माननीय मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जी से पुरज़ोर मांग की है कि कमांडर अशोक रांगड़ा और उनकी पूरी टीम को उनके इस अदम्य साहस और उत्कृष्ट सेवा के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाए, ताकि ऐसे कर्मठ और वीर जवानों का मनोबल और ऊँचा हो सके।


