दर्दनाक सड़क हादसा : हिमाचल प्रदेश के चंबा में 100 फीट नीचे गिरी बस, 8 लोगों की मौत; कई घायल

चंबा- हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को हिलाकर रख दिया। चुराह उपमंडल के बैरागढ़-चंबा मार्ग पर एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में बस चालक और कंडक्टर समेत 8 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब सात यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया।

चंबा में बड़ा बस हादसा, 100 फीट नीचे गिरी बस

जानकारी के मुताबिक शर्मा ट्रैवलर्स की निजी बस शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बस ने अभी करीब तीन किलोमीटर का ही सफर तय किया था कि देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क से नीचे गुजर रही दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी में बस में करीब 15 से 16 यात्रियों के सवार होने की बात सामने आई है।

ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त बस से बाहर निकालकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा भेजा गया।

बताया जा रहा है कि हादसे में बस चालक और कंडक्टर समेत 10 लोगों की जान चली गई है। हालांकि मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

मलबे में और यात्रियों के दबे होने की आशंका

हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। क्षतिग्रस्त बस को सीधा करने की कोशिश की जा रही है। आशंका है कि कुछ यात्री बस के मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर राहत कार्य में जुटे हुए हैं। हादसे की वजह की विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी

Share This Article
Leave a comment