कपूरथला जेल के टीबी वार्ड में नशे का खेल: रूटीन चेकिंग में कैदी से नशीला पदार्थ बरामद

कपूरथलाकपूरथला केंद्रीय जेल में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए नशीला पदार्थ पहुँचने का एक गंभीर मामला सामने आया है। जेल के भीतर बने अस्पताल के टीबी वार्ड में तलाशी के दौरान एक कैदी के पास से 12 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। इस बड़ी बरामदगी के बाद जेल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।  जेल प्रशासन द्वारा थाना कोतवाली पुलिस को भेजे गए आधिकारिक पत्र संख्या 1628-CTR के अनुसार, जेल के भीतर नशा तस्करी को रोकने के लिए अस्पताल परिसर में एक विशेष तलाशी अभियान चलाया गया था। इसी दौरान जब टीबी वार्ड की गहनता से चेकिंग की गई, तो वहाँ उपचाराधीन एक कैदी के कब्जे से 12 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ।

जालंधर का रहने वाला है आरोपी कैदी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जिस कैदी से यह नशीला पदार्थ बरामद हुआ है, उसकी पहचान राहुल पुत्र पूर्ण सिंह के रूप में हुई है। आरोपी कैदी मूल रूप से एकता नगर फेस-2, थाना रामा मंडी, जिला जालंधर का निवासी है। जेल जैसी उच्च सुरक्षा वाली जगह पर और वो भी अस्पताल के वार्ड के भीतर नशीला पदार्थ मिलना जेल प्रबंधन पर बड़े सवाल खड़े करता है।

बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस

थाना कोतवाली पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर उसकी फॉरेंसिक जाँच शुरू कर दी है ताकि नशे के प्रकार का सटीक पता लगाया जा सके। इसके साथ ही पुलिस इस बात की भी गहनता से तफ्तीश कर रही है कि आखिर जैमर और कड़े पहरे के बीच यह नशीला पदार्थ जेल के भीतर अस्पताल वार्ड तक कैसे पहुँचा?

पुलिस इस मामले में यह भी पता लगा रही है कि इस नशा तस्करी के पीछे जेल के किसी कर्मचारी या बाहर से आने वाले किसी मुलाकाती की संलिप्तता तो नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से विस्तृत जाँच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment