जालंधर: पंजाब सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा नशे के खात्मे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ के तहत जालंधर पुलिस कमिश्नरेट और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से कड़ा रुख अख्तियार किया है। इसी कड़ी में पुलिस कमिश्नर जालंधर और डिप्टी कमिश्नर जालंधर ने चौगिट्टी स्थित श्मशान घाट के चिह्नित ड्रग हॉटस्पॉट का दौरा कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया तथा वहां नशा तस्करी रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों की गहन समीक्षा की। इस निरीक्षण के साथ ही, कमिश्नरेट पुलिस द्वारा नामित वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में शहर के विभिन्न चिह्नित ड्रग हॉटस्पॉट्स पर व्यापक स्तर पर ‘कासो’ (कार्डन एंड सर्च ऑपरेशन) चलाया गया।
इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संवेदनशील और चिन्हित इलाकों की घेराबंदी कर योजनाबद्ध तरीके से तलाशी ली तथा संदिग्ध व्यक्तियों से सघन पूछताछ और दस्तावेजों का सत्यापन किया। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर निगरानी को और सख्त किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन और पुलिस का यह साझा प्रयास शहर को नशा-मुक्त और सुरक्षित बनाने की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके साथ ही, जालंधर पुलिस कमिश्नरेट ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें और नशा तस्करी या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि से संबंधित पुख्ता सूचना तुरंत साझा करें, ताकि समाज को इस बुराई से पूरी तरह मुक्त किया जा सके।


