दिल्ली से आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-855 को वापस दिल्ली भेजा गया, जबकि मुंबई से आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-5028 को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। अचानक से टिकट कैंसिल होने पर कई यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए। उन्होंने हंगामा करते हुए कहा कि कोई भी अधिकारी बात करने को तैयार नहीं है। हालांकि रात करीब 10:30 बजे के बाद स्थिति सामान्य हो गई।

रात 9:30 बजे दिखे संदिग्ध ड्रोन
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे एयरपोर्ट पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने परिसर और उसके आसपास आसमान में दो से तीन ड्रोन को उड़ते देखा। जवानों ने तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
सितंबर में भी प्रभावित हुई थीं 7 उड़ानें
इससे पहले सितंबर में भी एयरपोर्ट के पास ड्रोन गतिविधि सामने आई थी। उस समय भी 7 उड़ानें प्रभावित हुई थीं। 6 सितंबर को रात करीब 9:40 से 9:50 बजे के बीच, एयरपोर्ट के रनवे और ऑपरेशनल एरिया के पास आसमान में कुछ संदिग्ध ड्रोन उड़ते देखे थे।
इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से एयरपोर्ट प्रशासन ने करीब डेढ़ घंटे (90 मिनट) तक हवाई अड्डे का संचालन पूरी तरह से रोक दिया था। इस दौरान अमृतसर आने वाली 7 कमर्शियल उड़ानों (जिसमें मलेशिया एयरलाइंस, एयर इंडिया, और इंडिगो की उड़ानें शामिल थीं) का मार्ग बदलकर उन्हें दिल्ली और चंडीगढ़ भेजा गया था।
बााद में पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की शुरुआती जांच में सामने आया कि ये कोई सुरक्षा चूक या जासूसी ड्रोन नहीं थे, बल्कि एयरपोर्ट के पास के एक गांव में चल रहे स्पोर्ट्स टूर्नामेंट (खेल प्रतियोगिता) के दौरान उड़ाए जा रहे ड्रोन थे।

