जालंधर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लक्की ठाकुर हत्याकांड के 6 आरोपी महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, पुरानी रंजिश बनी कत्ल की वजह

- Advertisement -

अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए थाना डिवीजन नंबर 4 के अंतर्गत हुए चर्चित हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाकर वारदात के महज 24 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (IPS) के दिशा-निर्देशों तथा डीसीपी सिटी आदित्य एस. वारियर (IPS), एडीसीपी-2 श्रीमती माधवी शर्मा (PPS) और एसीपी सेंट्रल ओंकार सिंह बराड़ (PPS) की देखरेख में गठित विशेष पुलिस टीमों ने आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करते हुए यह कार्रवाई अंजाम दी। गौरतलब है कि 24 नवंबर 2026 को कंट्रोल रूम से मोहल्ला मखदूमपुरा में झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, जहां पता चला कि कुछ हमलावरों ने तेजधार हथियारों से लक्की ठाकुर पर जानलेवा हमला किया था, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक जांच और शिकायतकर्ता के बयानों से सामने आया कि यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा थी, जिसकी शुरुआत मृतक के 16 वर्षीय बेटे और आरोपी नरिंदर थापर के बेटों के बीच मेलजोल को लेकर हुए विवाद से हुई थी। शिकायतकर्ता ने नरिंदर थापर पर हमला करवाने और आरोपियों को भागने में मदद करने का भी आरोप लगाया था, जिसके बाद थाना डिवीजन नंबर 4 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(2), 332(c), 191(3), 190, 351(2) और 61(2) के तहत एफआईआर नंबर 188 दर्ज की गई। गिरफ्तार किए गए 6 आरोपियों की पहचान मखदूमपुरा निवासी नरिंदर थापर, दीपक राणा और राहुल, ऊंचा सूरजगंज निवासी यशपाल बजाज, न्यू सूरजगंज निवासी गुरदीप सिंह तथा राज नगर निवासी गुड़िया के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी नरिंदर थापर के खिलाफ पहले से ही 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि दीपक राणा पर भी 2 केस चल रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच जारी है और आगे सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Share This Article
Leave a comment