अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर के बर्ल्टन पार्क स्थित हॉकी स्टेडियम में खेले जा रहे 43वें इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट के अंतिम लीग मुकाबलों में पंजाब पुलिस और रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएफ) कपूरथला ने अपने-अपने मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल के लिए मजबूत दावेदारी पेश की है। पहले मुकाबले में पूल-ए के तहत रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला ने बीएसएफ जालंधर को 4-1 से शिकस्त दी, जिसमें आरसीएफ के खिलाड़ी योगंबर रावत ने शानदार खेल दिखाते हुए 10वें, 29वें और 58वें मिनट में गोल दागकर इस टूर्नामेंट की पहली हैट्रिक पूरी की। टीम के लिए एक अन्य गोल अरविंदर सिंह ने 24वें मिनट में किया, जबकि बीएसएफ की तरफ से एकमात्र गोल दीपक कुमार ने 45वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से किया। पूल-बी के एक अन्य मुकाबले में भारत पेट्रोलियम मुंबई और आर्मी दिल्ली के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन दोनों ही टीमें गोल करने में नाकाम रहीं और मैच 0-0 से ड्रॉ रहा।
दिन के सबसे रोमांचक और हाई-प्रोफाइल मुकाबले में पंजाब पुलिस ने भारतीय नौसेना (नेवी) मुंबई को 4-1 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला रहा, लेकिन 34वें मिनट में शमशेर सिंह ने शानदार फील्ड गोल कर पंजाब पुलिस का खाता खोला। इसके तुरंत बाद 36वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने फील्ड गोल करके बढ़त को 2-0 कर दिया। इसके बाद स्टार खिलाड़ी और कप्तान हरमप्रीत सिंह ने अपनी क्लास दिखाते हुए 38वें और 50वें मिनट में दो बैक-टू-बैक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 4-0 कर दिया। खेल के आखिरी मिनट में इंडियन नेवी के जुगराज सिंह ने एक सांत्वना गोल कर हार का अंतर 1-4 किया।
मैच के दौरान ओलंपियन हरप्रीत सिंह मंडेर (एसएसपी विजिलेंस) और रमनीक सिंह रंधावा (चेयरमैन, जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट) बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस मौके पर सुरजीत हॉकी सोसायटी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व खेल हस्तियां भी मौजूद थीं। टूर्नामेंट के लीग चरण के समापन के साथ ही क्वार्टर फाइनल की तस्वीरें साफ हो गई हैं। अब 26 नवंबर को खेले जाने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में दोपहर 12 बजे इंडियन ऑयल मुंबई का सामना पंजाब नेशनल बैंक दिल्ली से, दोपहर 2 बजे इंडियन एयर फोर्स का सामना कैग (CAG) दिल्ली से, दोपहर 3:30 बजे भारत पेट्रोलियम का मुकाबला रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला से और शाम 5:30 बजे घरेलू टीम पंजाब पुलिस का मुकाबला पंजाब एंड सिंध बैंक दिल्ली से होगा।


