लुधियाना– पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार ने गोशालाओं के लिए 100 करोड़ रुपए का फंड देने की घोषणा की है। यह जानकारी आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रधान व कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दी।
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार के पास 500 गोशालाएं और 20 कैटल पॉन्ड रजिस्टर्ड हैं। इस फंड से इन सभी को सहायता दी जाएगी। सीएम की तरफ से जारी इस फंड से बेसहारा पशुओं को सहारा मिल सकेगा। अमन अरोड़ा ने कहा कि सरकार ने पंजाब की सभी गोशालाओं के बिजली बिल भी माफ कर दिए हैं। जिन गोशालाओं के बिल बकाया थे, उन्हें भी माफ कर दिया गया है।
पढ़ें क्या बोले अमन अरोड़ा…
- ग्रामीण क्षेत्र की गौशालाओं को भी मिलेगा लाभ: अमन अरोड़ा ने बताया कि पहले सरकार सिर्फ शहरी क्षेत्र की गोशालाओं को फंड देती थी। अब ग्रामीण क्षेत्रों को भी यह फंड दिया जाएगा। शहरी क्षेत्रों की 228 गोशालाओं को अभी सरकार फंड दे रही है। वहीं, अब ग्रामीण क्षेत्र की 272 गोशालाओं को भी सरकार फंड देगी।
- मान ने यह राशि गोधन की संभाल के लिए दी: उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यह राशि गोधन की संभाल के लिए दी है। इसके तहत प्रति पशु 4,538 रुपए दिए जाएंगे। अमन अरोड़ा ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में नगर निगम कमिश्नर और ग्रामीण क्षेत्रों में डिप्टी कमिश्नर के जरिए यह फंड दिया जाएगा।
- गोशाला संचालक मांग कर रहे थे: अरोड़ा ने कहा कि दो दिन में गोशालाओं को फंड जारी कर दिया जाएगा। गोशाला संचालक लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जो भी गोशालाएं रजिस्टर्ड होंगी, उन्हें फंड दिया जाएगा।
- गोशालाओं के पास फंड की कमी थी: अमन अरोड़ा ने कहा कि गोशालाओं के पास फंड की कमी थी। जालंधर में कुछ संस्थाओं के प्रतिनिधि सीएम साहब से मिले थे। लोगों का कहना था कि शहरी क्षेत्रों में लोग दान करते हैं, जिससे गोशालाओं का संचालन हो जाता है। 2.20 लाख गोधन के लिए यह पैसा जारी किया जा रहा है।


