जालंधर- जालंधर देहात पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ड्रग्स और हथियार तस्करी से जुड़े एक मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। सतर्क ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 12 किलो हेरोइन और 4 पिस्तौल बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस मॉड्यूल के तार अमेरिका में बैठे एक कथित तस्कर से जुड़े हैं।
अमेरिका में बैठे गैरी ने भेजी थी खेप
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह खेप नवजोत सिंह उर्फ गैरी ने भेजी थी। गैरी कपूरथला के काला संघियां के पास स्थित नवां पिंड का निवासी है और फिलहाल अमेरिका में रह रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि खेप में कुल 14 किलो हेरोइन और 6 पिस्तौल थे। इनमें से अब तक 12 किलो हेरोइन और 4 पिस्तौल बरामद किए जा चुके हैं। बाकी 2 किलो हेरोइन और 2 पिस्तौलों की बरामदगी के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी खख ने बताया कि जांच के आधार पर तीन अन्य लोगों को भी मामले में आरोपी नामजद किया गया है। जिसमें नवजोत सिंह उर्फ गैरी निवासी नवां पिंड, काला संघियां कपूरथला वर्तमान में अमेरिका, मनजोतवीर सिंह निवासी गांव चक्क वेंडल नकोदर और सौरव पुत्र जसविंदर राम निवासी गांव सहिम नकोदर जालंधर शामिल हैं। पुलिस की ओर से इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और मामले में आगे भी गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई गई है।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे बाकी हेरोइन और हथियारों के बारे में पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से बनाई गई संपत्ति की पहचान कर कानून के अनुसार जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई एसपी (इन्वेस्टिगेशन) वनीत अहलावत, डीएसपी नकोदर सरवण सिंह बल और डीएसपी (डिटेक्टिव) लखविंदर सिंह की देखरेख में की गई।


