फिल्लौर/जालंधर (अखंड केसरी ब्यूरो)। महाराजा रणजीत सिंह पंजाब पुलिस अकादमी (पी.पी.ए.), फिल्लौर में भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आर.आर.यू.) के माध्यम से इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के सहयोग से ‘पुलिसिंग के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) और साइबर सुरक्षा की बुनियाद’ विषय पर पहली बार तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दैनिक पुलिसिंग कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभावी उपयोग से अवगत करवाना था। प्रशिक्षण में पंजाब के विभिन्न जिलों और कमिश्नरेट्स से आए राजपत्रित (गज़टेड) एवं अराजपत्रित (नॉन-गज़टेड) पुलिस अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम पंजाब पुलिस अकादमी, फिल्लौर की निदेशक सुश्री धनप्रीत कौर (आई.पी.एस.) के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, गुजरात से आए विशेषज्ञों (रिसोर्स पर्सन्स) ने पुलिस कार्यप्रणाली में ए.आई. के इस्तेमाल के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जनरेटिव ए.आई. प्लेटफॉर्म से सटीक और उपयोगी परिणाम प्राप्त करने के लिए ए.आई. की मूल अवधारणाओं और ‘प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग’ की बारीकियों की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने संदिग्धों की ट्रैकिंग और यातायात प्रबंधन के लिए ए.आई. आधारित फेस मैचिंग तकनीक, इंटेलिजेंट वीडियो सर्विलांस और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ए.एन.पी.आर.) सिस्टम के व्यावहारिक उपयोग पर चर्चा की। इसके अलावा, सुराग जुटाने और डिजिटल फुटप्रिंट्स को ट्रैक करने के लिए सोशल मीडिया व ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस (OSINT), साइबर सुरक्षा के बुनियादी सिद्धांत, साइबर डिफेंस में ए.आई. का उपयोग तथा डीपफेक और ए.आई.-सक्षम वित्तीय धोखाधड़ी की पहचान व जांच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से ‘ए.आई. टूलकिट फॉर पुलिसिंग’ का प्रदर्शन किया गया, जिसमें आधिकारिक पत्राचार की स्वचालित ड्राफ्टिंग, केस डायरी का सारांश तैयार करना और बड़े जांच रिकॉर्ड का त्वरित विश्लेषण करना शामिल था। इस संपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समन्वय पी.पी.ए. फिल्लौर के डी.एस.पी. श्री चमकौर सिंह (पी.पी.एस.) द्वारा किया गया।


