जालंधर (अखंड केसरी ब्यूरो)। प्रदेश स्तरीय सिविल डिफेंस एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक अभ्यास के तहत जिला प्रशासन जालंधर द्वारा डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया के कुशल नेतृत्व में शुक्रवार रात जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में एक व्यापक और सजीव मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। सब-डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एस.डी.एम.) उपिंदरजीत कौर बराड़ की प्रत्यक्ष निगरानी में संपन्न हुए इस विशेष अभ्यास के माध्यम से किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने की प्रशासनिक तैयारियों तथा स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एस.डी.आर.एफ.), सिविल डिफेंस, पंजाब पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और फायर ब्रिगेड की टीमों के बीच आपसी तालमेल की गहन जांच की गई।
यह मॉक ड्रिल शुक्रवार रात ठीक 8 बजे दो मिनट तक बजने वाले तेज एयर रेड सायरन के साथ शुरू हुई। सायरन बजते ही पूरे प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में 10 मिनट के लिए पूर्ण ब्लैकआउट लागू कर दिया गया और साथ ही इमारत में आग लगने तथा जान-माल के नुकसान जैसी आपात स्थिति का सजीव दृश्य तैयार किया गया। अलर्ट मिलते ही सभी संबंधित विभागों की रेस्क्यू टीमें बिना समय गंवाए हरकत में आ गईं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत आग पर काबू पाया, वहीं सिविल डिफेंस, फायर सर्विसेज और स्वास्थ्य विभाग की साझा टीमों ने इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया। रेस्क्यू टीमों ने आधुनिक ‘स्टेप-डाउन लैडर’ तकनीक का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए ऊपरी मंजिलों में फंसे लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा, जहां उन्हें मौके पर ही प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मॉक ड्रिल के सफल समापन के पश्चात जानकारी देते हुए एस.डी.एम. उपिंदरजीत कौर बराड़ ने बताया कि यह अभ्यास गृह विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप करवाया गया है, ताकि वास्तविक संकटकालीन परिस्थितियों के दौरान सभी आपातकालीन सेवाओं के बीच त्वरित और बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सके। ड्रिल में शामिल सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की फौरी कार्रवाई, समर्पण भावना और पेशेवर सूझ-बूझ की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के व्यावहारिक अभ्यास अचानक आने वाली किसी भी बड़ी आपदा या आपातकालीन स्थिति में कीमती जानें बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होते हैं।


