सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स मकसूदां में संविधान दिवस समारोह: ए.डी.सी. अमनिंदर कौर ने छात्रों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति किया जागरूक

- Advertisement -

जालंधर (अखंड केसरी ब्यूरो)। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर ने संविधान दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए नौजवानों को संवैधानिक सिद्धांतों को गहराई से समझने तथा एक जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। जिला प्रशासन जालंधर द्वारा सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, मकसूदां में जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से आयोजित संविधान दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए ए.डी.सी. अमनिंदर कौर ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे देश के लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है, जो देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय, स्वतंत्रता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने युवाओं को संविधान में निहित मौलिक अधिकारों के साथ-साथ अपने मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी पूरी तरह जागरूक रहने और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र की प्रगति में भागीदार बनने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. सुरजीत लाल तथा जालंधर के स्वीप नोडल अधिकारी डॉ. अशोक सहोत्रा ने संवैधानिक जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान में सक्रिय नागरिक भागीदारी के महत्व पर अपने विचार साझा किए। इससे पूर्व संस्थान के कैंपस डायरेक्टर डॉ. अनुराग शर्मा ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन द्वारा बीते दिनों आयोजित की गई जिला स्तरीय निबंध-लेखन और क्विज प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्वीप गतिविधियों में सराहनीय भूमिका निभाने के लिए जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. सुरजीत लाल, कैंपस डायरेक्टर डॉ. अनुराग शर्मा और डॉ. बी.आर. अंबेडकर सरकारी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. हुस्न लाल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से संस्थान परिसर में एक विशेष वोटर रजिस्ट्रेशन कैंप भी लगाया गया।

Share This Article
Leave a comment