होशियारपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री सांपला पर हमला : मुंह पर माइक दे मारा, नाक से बहा खून

जालंधर- होशियारपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा और बसपा कार्यकर्ता भिड़ गए। मौके पर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला पर इस दौरान हमला कर दिया गया।  बसपा कार्यकर्ता ने उनके मुंह पर माइक मार दिया। सांपला के नाक से खून निकला और गर्दन पर खरोंचें आईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

बता दें कि बाड़ियां कलां गांव में मंगलवार तड़के अंबेडकर प्रतिमा को पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त किया गया था। इसी के विरोध में भाजपा और बसपा विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस के अनुसार प्रतिमा के चेहरे और हाथ की उंगली को नुकसान पहुंचा है। पुलिस CCTV खंगाल रही है।

विजय सांपला पर हमला करते बसपा कार्यकर्ता। - Dainik Bhaskar

विजय सांपला पर हमला करते बसपा कार्यकर्ता।

धरने के बीच पहुंचे भाजपा नेता

घटना की जानकारी के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, भाजपा SC मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल और होशियारपुर भाजपा जिला अध्यक्ष नीतिन गुप्ता नन्नू आज बुधवार को सुबह 11 बजे बाड़ियां कलां गांव पहुंचे। यहां पहले से बसपा कार्यकर्ताओं का धरना चल रहा था। शीतल अंगुराल ने भी घटना के विरोध में मौके पर पहुंचने की अपील की थी।

माइक को लेकर विवाद, सांपला की नाक-गर्दन पर चोट

धरना-प्रदर्शन के दौरान विजय सांपला ने एक वक्ता से माइक लेने की कोशिश की, लेकिन उसने माइक नहीं दिया। बाद में भीड़ में से किसी ने सांपला को वायरलेस माइक दिया। माइक चालू होने के बाद सांपला ने बोलना शुरू किया तो एक युवक ने माइक छीन लिया। विरोध करने पर उसने माइक से सांपला पर हमला कर दिया।

हमलावर दीवार फांदकर भागा, अंगुराल-नन्नू से भी झड़प

हमले के दौरान सांपला और युवक के बीच धक्कामुक्की हुई। इसके बाद आरोपी पास की दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना के दौरान पंजाब भाजपा SC मोर्चा अध्यक्ष शीतल अंगुराल और होशियारपुर भाजपा जिला अध्यक्ष नीतिन गुप्ता नन्नू से भी बसपा कार्यकर्ताओं की झड़प हुई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

विवाद के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बनी। पुलिस बल ने पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया। प्रतिमा तोड़ने के मामले में पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a comment