जालंधर- जालंधर के लंबा पिंड चौक के नजदीक इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक बिस्कुट और नमकीन फैक्ट्री में सोमवार देर रात करीब 11 बजे अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। रिहायशी क्षेत्र में बनी इस इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था, जबकि ऊपरी मंजिल पर फैक्ट्री मालिक तुलसी राम का परिवार रहता था। रात के समय अचानक लगी इस आग ने तेज हवाओं के कारण चंद मिनटों में ही विकराल रूप धारण कर लिया और ग्राउंड फ्लोर से उठती ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। इस भयानक हादसे के दौरान फैक्ट्री मालिक और उनका परिवार ऊपरी मंजिल पर मौजूद था, जो समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकल आया और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। फैक्ट्री मालिक तुलसी राम ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से यहां फैक्ट्री चला रहे हैं और रात को जब उन्होंने धुएं और आग की लपटों को देखा, तो तुरंत परिवार को बाहर निकाला और दमकल विभाग को सूचित किया।
हालांकि अभी तक आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस भीषण अग्निकांड की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का बिस्कुट, नमकीन और अन्य कच्चा माल जलकर पूरी तरह राख हो चुका है। दमकल अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि समय रहते राहत कार्य शुरू करने के कारण किसी भी प्रकार के जानी नुकसान को टाल दिया गया, लेकिन आग से हुए सटीक आर्थिक नुकसान का आकलन फैक्ट्री मालिक द्वारा ही किया जा सकता है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें अब आग लगने के असल कारणों की जांच में जुटी हुई हैं।
