पावरकॉम कर्मचारियों का जालंधर में बड़ा प्रदर्शन : अनिश्चितकालीन हड़ताल से बिजली सप्लाई पर संकट

जालंधर- पंजाब में पावरकॉम के सुविधा सेंटरों, मीटर लैब और स्टोरों में काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर 21 मई 2026 की रात 12 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। ‘आउटसोर्स एम्प्लॉइज फेडरेशन पंजाब’ के बैनर तले शुरू हुई इस हड़ताल में एनसीसी, सीआरसी, स्टोर, मीटर लैब और पैस्को के कर्मचारी शामिल हैं।

कर्मचारियों की मुख्य मांग विभाग में सीधा कॉन्ट्रैक्ट हासिल करना और काम में हो रहे भेदभाव को समाप्त करना है। इस हड़ताल से राज्य में बिजली से जुड़ी जनसुविधाएं और तकनीकी कामकाज ठप होने की आशंका बढ़ गई है। विभाग के सुविधा सेंटरों, मीटर लैबोरेट्रीज और स्टोरों से संबंधित आउटसोर्स कर्मचारियों ने सरकार और प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल का बिगुल फूंक दिया है।

आउटसोर्स एम्प्लॉइज फेडरेशन पंजाब’ के आह्वान पर शुरू हुई इस हड़ताल में विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारी शामिल हैं। फेडरेशन के जालंधर संभाग के अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि विभाग में लंबे समय से काम कर रहे आउटसोर्स वर्करों के साथ लगातार भेदभाव और असमानता का व्यवहार किया जा रहा है।

कर्मचारी नेताओं का कहना है कि वे सालों से अपनी जान जोखिम में डालकर विभाग को सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें उनका वाजिब हक नहीं मिल रहा है। इस बार कर्मचारियों ने आर-पार की लड़ाई का मूड बना लिया है और 21 मई 2026 की रात 12 बजे से काम पूरी तरह बंद कर दिया है।

सीधे अनुबंध की मुख्य मांग

यूनियन के मुताबिक, उनकी सबसे प्रमुख और जायज मांग यह है कि बिचौलियों या निजी ठेकेदारों को हटाकर विभाग के साथ सीधे कॉन्ट्रैक्ट के तहत उन्हें शामिल किया जाए। इसके अलावा, समान काम के लिए समान वेतन और नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की जा रही है।

कर्मचारियों ने इस हड़ताल के संबंध में विभाग के उच्च अधिकारियों और प्रशासन को लिखित रूप में सूचित कर दिया है। उन्होंने साफ किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस और सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक सुविधा सेंटरों, मीटर टेस्टिंग और स्टोरों का कोई भी काम नहीं किया जाएगा।

जनता पर पड़ेगा सीधा असर

इस हड़ताल के कारण नए बिजली कनेक्शन, खराब मीटरों को बदलने का काम, बिलिंग से जुड़ी शिकायतें और सरकारी स्टोरों से बिजली के सामान की सप्लाई पूरी तरह प्रभावित होने की संभावना है। अगर हड़ताल लंबी खिंचती है, तो आने वाले दिनों में आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

Share This Article
Leave a comment