किसानों की भीड़ को देखते हुए अंबाला पुलिस ने धारा 163 लागू कर दी है। किसानों को बैरिकेड से 100 मीटर दूर रहने की चेतावनी दी गई है। वहीं शंभू बॉर्डर बंद किए जाने से जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गाड़ियों की आवाजाही ठप हो गई है। इसे देखते हुए हरियाणा पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है। पुलिस ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में 112 पर कॉल करें।
इसी बीच सरकारी सोर्सेज के मुताबिक किसानों की आज शाम केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान से मीटिंग हो सकती है। इसके अलावा हिरासत में लिए किसान भी शाम को रिहा किए जा सकते हैं। अंबाला SP अजीत सिंह शेखावत से मीटिंग के बाद यह फॉर्मूला बना है। थोड़ी देर में हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा व अंबाला के DC अजय सिंह तोमर शंभू बॉर्डर पर पहुंच सकते हैं।
किसान आंदोलन की वजह से NH-44 (जीटी रोड) पर हरियाणा-पंजाब का शंभू बॉर्डर 13 महीने (करीब 401 दिन) बंद रहा था। 13 फरवरी 2024 को सील होने के बाद हाईकोर्ट के आदेश पर इसे 20 मार्च 2025 को खोला गया। अब इसे फिलहाल दोबारा बंद किया गया है।

दिल्ली: किसानों के दिल्ली कूच से जुड़े बयान :-
- पंधेर बोले- टकराव नहीं चाहते, शांतिपूर्ण ढंग से दिल्ली जाएंगे: किसान नेता सरवण पंधेर ने कहा कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से राजधानी जाना चाहते हैं। हरियाणा और केंद्र सरकार किसानों को रोकने के लिए बैरिकेड लगा रही है। किसान प्रशासन से बातचीत के लिए तैयार हैं। लेकिन वे किसी भी तरह के टकराव की नीति लेकर नहीं आए। कुछ किसान हिरासत में लिए हैं। उन्हें रिहा किया जाए।
- BJP प्रवक्ता ने कहा- डील हुई ही नहीं, विरोध किस बात का: पंजाब भाजपा के प्रवक्ता अनिल सरीन ने कहा कि अभी तक डील नहीं हुई। उसकी कोई डिटेल सामने नहीं आई, फिर प्रदर्शन किस बात का हो रहा है। जो काम सरकार ने किया ही नहीं, उसका विरोध हो रहा है। हो सकता है कि इन नेताओं के सोर्स विदेशों में होंगे, तभी इन्हें सब पता है। कुछ लोगों ने हर वक्त पंजाब का माहौल खराब करना होता है।
दिल्ली:शंभू बॉर्डर पर पहुंचे किसानों और बैरिकेडिंग की तस्वीरें





