अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब के बरनाला जिले में “गैंगस्टरों पर वार” मुहिम के तहत महल कलां पुलिस और सी.आई.ए. (C.I.A.) स्टाफ ने एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर सुबह लगभग 5:30 बजे की गई नाकाबंदी के दौरान, जब पुलिस टीम ने एक संदिग्ध वरना (Verna) कार को रुकने का इशारा किया, तो कार सवारों ने रुकने के बजाय पुलिस पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की और घेराबंदी करके दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक वरना कार, एक .32 बोर की पिस्तौल (2 जिंदा कारतूस) और एक .30 बोर की पिस्तौल (2 जिंदा कारतूस) बरामद किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस द्वारा पकड़े गए अपराधियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि उनके पिछले आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
