अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खात्मे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ के तहत विभिन्न मामलों में जब्त किए गए 68 किलोग्राम 719 ग्राम नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (IPS) के दिशा-निर्देशों पर यह कार्रवाई ड्रग डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में पूरी पारदर्शिता के साथ की गई। इस कमेटी में डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों (PPS), एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन देव सिंह (PPS) और एसीपी सीएडब्ल्यू विजय कंवरपाल (PPS) शामिल रहे।
सभी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद 21 अक्टूबर को गांव राववाली स्थित एबीएस फूड एंड बेवरेज में कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामलों से संबंधित इन मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। नष्ट की गई खेप में 30 किलोग्राम डोडा पोस्त (भुक्की), 4 किलो 376 ग्राम हेरोइन, 15 ग्राम स्मैक, 31 किलो 222 ग्राम गांजा और 3 किलो 106 ग्राम चरस शामिल थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि जब्त किए गए नशीले पदार्थों का भविष्य में किसी भी तरह से दुरुपयोग न हो सके। जालंधर पुलिस ने शहर को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए आम जनता से सहयोग की अपील की है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध नशा तस्करी की सूचना नागरिक हेल्पलाइन नंबर 112 या एंटी-ड्रग हेल्पलाइन नंबर 97791-00200 पर दे सकते हैं, जहां सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

