मानसा: शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने नशों के खिलाफ लड़ते हुए अपनी जान न्योछावर करने वाले भाई परविंदर सिंह झोटा के घर पहुंचकर उनके पिता से मुलाकात की और शोकाकुल परिवार के साथ गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने भाई झोटा के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए घोषणा की कि पंजाब की युवा पीढ़ी को बचाने के लिए किए गए उनके संघर्ष के सम्मान में उनकी तस्वीर श्री हरिमंदिर साहिब परिसर स्थित केंद्रीय सिख अजायबघर में लगाई जाएगी। एडवोकेट धामी ने पीड़ित परिवार को एसजीपीसी की ओर से हर संभव सहायता देने का पूरा भरोसा दिया। इसके साथ ही, उन्होंने संघर्ष के दौरान घायल हुए युवाओं की सुध लेते हुए प्रत्येक घायल के लिए ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता और श्री गुरु रामदास जी मेडिकल कॉलेज अमृतसर में उनके मुफ्त इलाज की पेशकश की। उन्होंने न्याय के लिए संघर्ष कर रही संगत की सुविधा के वास्ते लंगर और अन्य जरूरी प्रबंध लगातार जारी रखने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

