अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर में आयोजित ‘खेड़ां वतन पंजाब दीयां’ सीजन-4 स्टेट गेम्स के तहत टेबल टेनिस और शतरंज (चेस) के रोमांचक मुकाबले खेले गए, जहां खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह बाजवा ने विशेष रूप से उपस्थित होकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया। आज के मुकाबलों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अंडर-14 लड़कों के टेबल टेनिस क्वार्टर फाइनल मैच बेहद रोमांचक रहे, जिसमें अमृतसर ने बठिंडा को 3-0 से, लुधियाना ने श्री फतेहगढ़ साहिब को 3-0 से और मेजबान जालंधर ने रूपनगर को 3-0 से करारी शिकस्त दी। अब इसके आगामी सेमीफाइनल मुकाबले अमृतसर बनाम पटियाला और जालंधर बनाम लुधियाना के बीच खेले जाएंगे। इसके अलावा, 35 से 40 वर्ष महिला वर्ग के शतरंज (चेस) फाइनल मुकाबले में मोगा की टीम ने बेहतरीन रणनीति का परिचय देते हुए 6 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि अमृतसर की टीम ने 4 अंकों के साथ दूसरा और पटियाला की टीम ने 3 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। जिला खेल अधिकारी ने कहा कि इस महाकुंभ का मुख्य उद्देश्य युवाओं और समाज के हर वर्ग के नागरिकों को खेलों से जोड़ना, उनमें खेल भावना को बढ़ावा देना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतरीन मंच उपलब्ध करवाना है।

