अखंड केसरी ब्यूरो :- अमृतसर में पुलिस कमिश्नर दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और सतर्क हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस कमिश्नर कार्यालय, डिप्टी कमिश्नर कार्यालय और कोर्ट परिसर सहित आसपास के तमाम इलाकों में बड़े पैमाने पर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था की बेहद बारीकी से पड़ताल की गई।
मीडिया से बातचीत करते हुए डीसीपी जुगराज सिंह ने बताया कि पुलिस को सुबह के समय इस संबंध में एक इनपुट मिला था। मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया और संबंधित परिसरों तथा आसपास के क्षेत्रों में एंटी-सबोटाज चेकिंग कराई गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सघन जांच और तलाशी अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई है और मौजूदा समय में हालात पूरी तरह शांत व नियंत्रण में हैं।
डीसीपी ने आगे कहा कि शहर, राज्य या देश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्व इस तरह की धमकियां दे सकते हैं, लेकिन पुलिस हर इनपुट को गंभीरता से लेते हुए जरूरी कार्रवाई कर रही है। पुलिस कमिश्नर के निर्देशों के तहत पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। आने वाले त्योहारों और सर्दियों के मौसम के मद्देनजर सुरक्षा प्रबंधों को और पुख्ता किया जाएगा। इसके साथ ही शहर के विभिन्न हिस्सों में औचक चेकिंग अभियान भी जारी रहेगा ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और नागरिकों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित रहे।

