अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य से नशे की बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए खेल सबसे बड़ा और कारगर हथियार हैं। पंजाब के खेल गौरव का जिक्र करते हुए उन्होंने खुशी जताई कि भारतीय हॉकी टीम के 11 में से 9 खिलाड़ी पंजाब से हैं, जो पूरे राज्य के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है। सीएम मान ने आगे कहा कि राज्य सरकार द्वारा गांव-गांव में विश्व-स्तरीय खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं। ये आधुनिक मैदान हमारे उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का एक शानदार अवसर प्रदान कर रहे हैं।


