जालंधर / मुंबई: मैड संधू हत्याकांड की जांच में पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने मुंबई ATS के साथ मिलकर चलाए गए एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान इस बहुचर्चित हत्याकांड के मुख्य आरोपी जोबनप्रीत को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 अवैध पिस्टल, 5 मैगजीन और 11 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी जोबनप्रीत विदेश में बैठे अपने हैंडलरों के इशारे पर काम कर रहा था। उसकी मुख्य भूमिका शूटरों को हथियारों की खेप पहुंचाने, वित्तीय फंड मुहैया कराने और उन्हें अन्य साजो-सामान व लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराने की थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने तरनतारन जिले में फिरौती और रंगदारी से जुड़ी गोलीबारी की तीन अलग-अलग वारदातों में भी अपनी संलिप्तता कबूल कर ली है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे आपराधिक सिंडिकेट की कड़ियों को जोड़ने के लिए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इसके पीछे जुड़े पूरे अंतरराज्यीय और विदेशी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि राज्य में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क को जड़ से खत्म करने, अपराधियों को सख्त सजा दिलाने तथा राज्यभर में अमन-शांति व सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत बनाए रखने के लिए यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

