चंडीगढ़। राज्यसभा छोड़कर लुधियाना से उपचुनाव जीतने वाले संजीव अरोड़ा पंजाब सरकार के नए मंत्री बन गए हैं। गुरुवार को राजभवन में हुए समारोह में उन्होंने शपथग्रहण कर ली है। उन्हें हाउसिंग डिपार्टमेंट या इंडस्ट्री की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। उनकी शपथग्रहण के बाद समारोह खत्म कर दिया गया।

गवर्नर गुलाब चंद कटारिया ने संजीव अरोड़ा को मंत्रीपद की शपथ दिलाई। इसके बाद हाथ मिलाकर बधाई दी।
AAP सरकार के करीब साढ़े 3 साल के कार्यकाल में यह 7वां कैबिनेट विस्तार है। इसके बाद मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव होने की संभावना है। पंजाब सरकार ने सितंबर 2024 में आखिरी बार कैबिनेट विस्तार किया था। इस दौरान हरदीप सिंह मुंडिया, बरिंदर कुमार गोयल, तरनप्रीत सिंह सौंद और मोहिंदर भगत को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। जबकि बलकार सिंह, चेतन सिंह जौड़ामाजरा, ब्रह्मशंकर जिंपा और अनमोल गगन मान की छुट्टी हुई थी। पंजाब में मुख्यमंत्री मान समेत मंत्रिमंडल में 18 मंत्री हो सकते हैं। इस वक्त सीएम भगवंत मान सहित 16 मंत्री हैं। अरोड़ा के कैबिनेट में शामिल होने के बाद 17 मंत्री हो जाएंगे।
पहले गवर्नर के बाहर होने से टला था समारोह
विधायक चुने जाने के पहले से अरोड़ा का मंत्रिमंडल में शामिल होना तय था। क्योंकि, AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अरोड़ा के चुनाव प्रचार के दौरान घोषणा थी, कि लोग उन्हें विधायक बनाएं, हम उन्हें मंत्री बनाएंगे। इससे पहले 1 जुलाई को अरोड़ा ने अपनी राज्यसभा की मेंबरशिप से इस्तीफा दिया। यह समारोह पहले भी हो सकता था, लेकिन उस समय गवर्नर गुलाब चंद कटारिया उदयपुर के दौरे पर थे। अब वे चंडीगढ़ आ गए हैं। इसके बाद गुरुवार दोपहर 1 बजे शपथ समारोह होना तय हुआ है।
