जालंधर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 गिरफ्तार, 5.314 किलो हेरोइन, 2 किलो अफीम व अवैध हथियार बरामद

जालंधर, 3 जुलाई 2025:- जालंधर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर को नशा व अपराध मुक्त बनाने की दिशा में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 5.314 किलो हेरोइन, 2 किलो अफीम, एक देशी पिस्टल (.32 बोर) और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस कमिश्नर श्रीमती धनप्रीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 जुलाई को क्राइम ब्रांच की टीम नक्हा वाला बाग चौक के पास तैनात थी, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति हरपाल सिंह उर्फ पाला को पकड़ा गया। आरोपी के पास से 5 किलो 56 ग्राम हेरोइन बरामद हुई और उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21C, 61, और 85 के तहत एफआईआर नंबर 100 थाना भरगो कैंप में दर्ज की गई। आरोपी पहले भी एक NDPS केस में नामजद है।

इसी दिन CIA स्टाफ ने ट्रांसपोर्ट नगर में गश्त के दौरान तीन और आरोपियों — सुशील कुमार उर्फ सुजल (होशियारपुर), मंदीप सिंह (जालंधर), और गगनदीप सिंह (फिरोजपुर) को पकड़ा। इनके पास से 2 किलो अफीम बरामद हुई, जिस पर थाना डिवीजन नंबर 8 में FIR नंबर 157 दर्ज की गई। इसमें आरोपी सुशील कुमार पहले से ही NDPS एक्ट के दो मामलों में आरोपी है।

30 जून को स्पेशल सेल ने मक्सूदां–नंदनपुर रोड पर गश्त के दौरान अशोक नगर के पास एक संदिग्ध हरजिंदर सिंह उर्फ गोरा को पकड़ा, जिसके पास से 258 ग्राम हेरोइन, एक देशी पिस्टल (.32 बोर) और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। उसके खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 1 में एफआईआर नंबर 115 दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस कमिश्नरेट ने दोहराया कि जालंधर को नशा मुक्त और सुरक्षित शहर बनाने के लिए अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ा जाएगा।

Share This Article
Leave a comment