अमृतसर में गैंगस्टर की हत्या, हमलावरों ने घेरकर गोलियां मारीं : बंबीहा गैंग ने जिम्मेदारी ली

- Advertisement -
Punjab Government

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में शनिवार को दिनदहाड़े एक 28 वर्षीय युवक जुगराज सिंह उर्फ तोता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया, जो पास के सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई। पुलिस के अनुसार, थाना मेहता के अंतर्गत गांव चन्ननके में 3 अज्ञात युवकों ने जुगराज सिंह पर फायरिंग की है। तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने बेहद नजदीक से जुगराज सिंह पर फायरिंग की थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मोटरसाइकिल पर खड़े युवक पर बाइक से आए 3 युवकों ने गोलियां बरसाईं। - Dainik Bhaskar

इस वारदात की जिम्मेदारी एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बंबीहा गैंग ने ली है। हत्या का कारण जग्गू भगवानपुरिया का साथ देना बताया है। आगे इसमें चेतावनी भी लिखी है, ‘जो भौंक रहे हैं, वे भी तैयार रहें। हमारा ध्यान सभी पर है।’ हालांकि, इस पोस्ट की पुष्टि दैनिक भास्कर नहीं करता है। बता दें कि इससे पहले बंबीहा गैंग जग्गू भगवानपुरिया के करीबी करनवीर सिंह और जग्गू की मां हरजीत कौर भी हत्या करवा चुका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बाइक सवार बदमाशों ने जुगराज सिंह उर्फ तोता पर गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौत हो गई। - फाइल फोटो
बाइक सवार बदमाशों ने जुगराज सिंह उर्फ तोता पर गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
  1. बंबीहा गैंग ने जिम्मेदारी ली: हत्या के बाद जारी की गई पोस्ट में लिखा गया है- मेरे सभी भाइयों को सत श्री आकल। यह जो चन्ननके गांव में जुगराज सिंह उर्फ तोता का कत्ल हुआ है, इसकी जिम्मेदारी मैं डोनी बल, मोहब्बत रंधावा और कौशल चौधरी लेते हैं।
  2. गोरे बरियाड़ की रेकी कराई: पोस्ट में आगे लिखा है- इसने (जुगराज सिंह ने) जग्गू भगवानपुरिया के कहने पर हमारे भाई गोरे बरियाड़ के कत्ल में रेकी करवाई थी और जग्गू के कहने पर हमारे भाइयों के खिलाफ प्रधानगी करवाई। बाकी जो भौंक रहे हैं, वे भी तैयार रहें। हमारा ध्यान सभी पर है। वेट एंड वॉच…
कथित रूप से बंबीहा गैंग की ओर से यह पोस्ट कर वारदात की जिम्मेदारी ली गई है।
कथित रूप से बंबीहा गैंग की ओर से यह पोस्ट कर वारदात की जिम्मेदारी ली गई है।

पुलिस बोली- आपसी रंजिश का मामला

इस मामले में मेहता थाने के ASI बलकार सिंह का कहना है कि मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। जुगराज सिंह भी एक गैंगस्टर ही था। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर सभी एंगल से जांच की जा रही है। तीनों हमलावरों की तलाश में नाकेबंदी कर दी गई है और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जग्गू भगवानपुरिया की मां की हत्या से मामले ने तूल पकड़ा

पंजाब के बटाला में 25 जून को गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के करीबी करनवीर सिंह और मां हरजीत कौर की हत्या कर दी गई थी। इसकी जिम्मेदारी बंबीहा गैंग ने ली। इसमें कहा गया- हमने अपने भाई गोरे बरयाड़ की हत्या का बदला लिया। आगे से हमारा कोई भाई नाजायज मरता है, तो वह भुगतान के लिए तैयार रहे। इसके बाद भगवानपुरिया गैंग की ओर से एक लंबी पोस्ट साझा की गई, जिसमें मां की हत्या पर शोक जताया गया। साथ ही लिखा गया, ‘अब हमें कोई गलत न कहे, क्योंकि अब हद पार हो चुकी है।’

इस पोस्ट के बाद बंबीहा गैंग ने भी पोस्ट शेयर कर जग्गू की मां की मौत पर शोक जताया था। इसके बाद बंबीहा गैंग ने अब गोरे बरयाड़ की हत्या का हवाला देते हुए जुगराज सिंह का भी कत्ल करवा दिया है। मौजूदा समय में जग्गू जेल में है।

Share This Article
Leave a comment