प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में कल देर शाम से बारिश हो रही है। भारी बारिश ने कई जिलों में बहुत नुकसान पहुंचाया है। मौसम विभाग ने आज दो जिलों में ऑरेंज और कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
25 अगस्त 2025, देहरादून: प्रदेश में कल देर शाम से अधिकतर हिस्सों में रूक-रूक कर बारिश हो रही है। आज मौसम विभाग ने दो जिले, उत्तरकाशी और देहरादून में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं टिहरी, पौड़ी, चमोली, रूद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट रखा गया है। राज्य के विभिन्न इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की भी संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले तीन से चार दिनों तक इसी तरह का मौसम प्रदेश में बना रहेगा।
आपको बताते चलें कि, भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर आज देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी और बागेश्वर जिले में सभी स्कूलों और आगनवाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
