जालंधर । कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाई जा रही सख्त मुहिम के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती धनप्रीत कौर (IPS) के दिशा-निर्देशों पर क्राइम ब्रांच की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन और ₹1.50 लाख की ड्रग मनी बरामद की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह की अगुवाई में क्राइम ब्रांच टीम ने रूटीन गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा, जिसकी पहचान जोएल कल्याण पुत्र जीवन कल्याण निवासी गांव सराय खास, हाल निवासी मकान नंबर 508 न्यू अमृत विहार, जालंधर के रूप में हुई। आरोपी से मौके पर ही नशीला पदार्थ और नकदी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 138, दिनांक 04.10.25, धारा 21/27-ए/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना डिवीजन नंबर 5 में मामला दर्ज किया है। आरोपी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है, ताकि उसके नशे के नेटवर्क के आगे और पीछे के तारों को जोड़ा जा सके तथा सप्लाई चेन में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा सके। कमिश्नरेट पुलिस ने साफ किया है कि शहर में नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान लगातार जारी रहेगा।
