कार को मारी टक्कर, शीशे तोड़े और माथे पर रॉड से वार: जालंधर में लोहा व्यापारी से फिल्मी अंदाज में 50 लाख की बड़ी लूट

जालंधर:- जालंधर के सूर्या एनक्लेव एक्सटेंशन के पास 120 फीट रोड पर सोमवार देर शाम कार सवार हथियारबंद लुटेरों ने एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। लोहा कारोबारी और सीजेएस स्कूल के मालिक ललित मित्तल (60) जब टांडा रोड स्थित अपने दफ्तर से घर लौट रहे थे, तभी सफेद रंग की कार में सवार करीब 5 बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर घेर लिया। अंधेरे का फायदा उठाते हुए लुटेरों ने व्यापारी की कार में जोरदार टक्कर मारी, जिससे उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर रुक गई।

कारोबारी ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को बैक कर भागने की पूरी कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने अपनी कार दोबारा उनकी गाड़ी में दे मारी और उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद कार से उतरे तीन लुटेरों ने लोहे की रॉड से व्यापारी की कार के शीशे तोड़ दिए और ललित मित्तल के माथे पर जानलेवा वार कर दिया। हमले में घायल व्यापारी जब तक संभल पाते, बदमाशों ने ड्राइविंग सीट के बगल में रखा नकदी से भरा बैग झपट लिया और अपनी कार में बैठकर तेजी से फरार हो गए। प्राथमिक अनुमान के अनुसार लूटी गई रकम करीब ₹50 लाख से अधिक बताई जा रही है।

ललित मित्तल सूर्या एनक्लेव रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव भी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एसीपी अमनबीर सिंह, सीआईए इंचार्ज और स्पेशल सेल सहित भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। घटना के बाद इलाके में भारी रोष और दहशत का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नाकाबंदी कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और लुटेरों की धरपकड़ के लिए 7 विशेष टीमों का गठन किया गया है।

Share This Article
Leave a comment