पहलगाम आतंकी हमले मामले में आज NIA जम्मू की विशेष NIA कोर्ट में चार्जशीट पेश करेगी। पहलगाम के बैसरन वैली में इस वर्ष 22 अप्रैल को आतंकी हमला हुआ था।
दिसंबर 15, नई दिल्ली:- पहलगाम आतंकी हमले मामले में आज NIA चार्जशीट दाखिल करेगी। NIA जम्मू की विशेष NIA कोर्ट में चार्जशीट पेश करेगी। पहलगाम के बैसरन वैली में इस वर्ष 22 अप्रैल को आतंकी हमला हुआ था। पाकिस्तान के आतंकवादियों के इस हमले में 26 लोग मारे गए थे। एनआईए की जांच के दौरान हमले में तीन आतंकवादियों की प्रत्यक्ष संलिप्तता सामने आई।
एनआईए ने जून में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इन व्यक्तियों पर उन तीन आतंकवादियों को शरण देने का आरोप है जिन्हें जुलाई में भारतीय सेना ने मार गिराया था। गिरफ्तार किए गए दो व्यक्तियों– परवेज अहमद जोथर और बशीर अहमद जोथर ने इन तीन हमलावरों की पहचान पाकिस्तान के नागरिकों के रूप में की थी जो प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा से संबंधित थे। एनआईए के मुताबिक, इन दोनों ने आतंकवादियों को भोजन, आश्रय और साजो-सामान संबंधी अन्य सहायता प्रदान की थी।
तीनों आतंकवादी 28 जुलाई को श्रीनगर के बाहरी इलाके में ‘ऑपरेशन महादेव’ नाम से की गई मुठभेड़ में मारे गए थे। सूत्रों के मुताबिक, आरोपपत्र दाखिल करने की 180 दिन की समय सीमा 18 दिसंबर को समाप्त हो रही है और एजेंसी निर्धारित समय सीमा के भीतर इसे अदालत में दाखिल करने की तैयारी कर रही है। आरोपपत्र सोमवार को दाखिल किया जाएगा। इससे पहले, अक्टूबर में, NIA ने जांच पूरी करने के लिए शुरुआती 90 दिनों की अवधि के अलावा 45 दिनों का अतिरिक्त समय मांगा था, जिसे जम्मू की एक अदालत ने मंजूर कर लिया था।
