जालंधर, 29 दिसंबर 2025:- माननीय पुलिस कमिश्नर जालंधर श्रीमती धनप्रीत कौर आईपीएस के दिशा-निर्देशों, एडीसीपी सिटी-II श्री हरिंदर सिंह पीपीएस तथा एसीपी वेस्ट श्री अतिश भाटिया पीपीएस के नेतृत्व में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने बाइक लूट के एक गंभीर मामले को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में 27.12.2025 को थाना भार्गो कैंप जालंधर में सूचना प्राप्त हुई कि लक्ष्मी नारायण मंदिर पार्क के पास एक युवक से हथियार के बल पर मोटरसाइकिल छीनी गई है। सूचना मिलते ही एएसआई जरमनजीत सिंह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित शुभम पुत्र मदन लाल निवासी 40/10 भार्गो नगर, जालंधर का बयान दर्ज किया। पीड़ित ने बताया कि 27 दिसंबर को दोपहर करीब 12:10 बजे वह अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर PB08-FA-5273 पर लक्ष्मी नारायण मंदिर मॉडल हाउस की ओर जा रहा था, तभी एक अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उसे रोककर पीछे बैठे युवक ने दातर (हंसिया) दिखाकर उसकी मोटरसाइकिल छीन ली। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से आरोपी अनुज अरोड़ा पुत्र तरसेम लाल निवासी मेन बाजार, गांव नडाला, जिला कपूरथला को काबू कर लिया गया, जबकि उसका साथी गुरप्रीत सिंह पुत्र हरचरण सिंह निवासी पंडता दा मोहल्ला, गांव नडाला, जिला कपूरथला फरार हो गया। मामले में थाना भार्गो कैंप में केस नंबर 211 दिनांक 27.12.2025 भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 309(2), 309(4), 317(2), 3(5) के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मोहन लाल की निगरानी में एएसआई जरमनजीत सिंह द्वारा 27.12.2025 को आरोपी अनुज अरोड़ा को गिरफ्तार किया गया, जबकि 28.12.2025 को दूसरे आरोपी गुरप्रीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की जांच के दौरान 29.12.2025 को आरोपी अनुज अरोड़ा के खुलासे के आधार पर आशु कुमार उर्फ शिंदा पुत्र तरसेम लाल निवासी गांव नडाला, जिला कपूरथला को नामजद कर गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त उसके बयान के आधार पर रंजीत सिंह उर्फ काका पुत्र महिंदर सिंह निवासी अकबरपुर, जिला कपूरथला, जो कबाड़ी का काम करता है, को भी केस में नामजद किया गया। पुलिस ने आरोपियों से छीनी गई मोटरसाइकिल PB08-FA-5273, एक अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिल PB09-N-1338, एक बाइक PB09-G-5289, तीन बिना नंबर की मोटरसाइकिलें और मोटरसाइकिलों के पुर्जे बरामद किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लूट, चोरी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और शहर की कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
