गुरदासपुर ब्यूरो** पंजाब में शांति और कानून व्यवस्था को भंग करने की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए गुरदासपुर पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस (पंजाब) के साथ मिलकर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बीते 27 अप्रैल 2026 को गुरदासपुर के गीता भवन रोड के पास मिले हैंड ग्रेनेड मामले की गुत्थी को पूरी तरह सुलझाते हुए इस वारदात में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने तकनीकी इनपुट्स, सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और पुख्ता मानवीय खुफिया जानकारी (Human Intelligence) के आधार पर बेहद तेजी से कार्रवाई की, जिससे दुकान के पास हैंड ग्रेनेड फेंकने वाले आरोपियों की सटीक पहचान हो सकी।
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपियों से गहन पूछताछ की, तो जांच के दौरान एक आरोपी के घर से एक और जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया। शुरुआती जांच में यह बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पकड़े गए तीनों आरोपी सरहद पार बैठे एक विदेशी हैंडलर के सीधे संपर्क में थे और उसी के दिशा-निर्देशों पर पंजाब को दहलाने की साजिश रच रहे थे। आरोपियों को उसी विदेशी हैंडलर से दो हैंड ग्रेनेड मिले थे, जिनमें से एक का इस्तेमाल वे कर चुके थे।
इस गंभीर मामले को लेकर पुलिस थाना सिटी, गुरदासपुर में गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम (Explosive Substances Act) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त करने के लिए इनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स (अगले-पिछली कड़ियों) को खंगाल रही है, ताकि इस साजिश में शामिल स्थानीय मददगारों और विदेशी हैंडलर के पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके। पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि राज्य में अमन-शांति, आपसी भाईचारा और जन सुरक्षा को हर हाल में कायम रखा जाएगा और देश विरोधी ताकतों को कड़ा सबक सिखाया जाएगा।
