जालंधर में कमिश्नरेट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान के तहत 2 किलो हेरोइन, 7.80 लाख की ड्रग मनी और पिस्तौल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने नशा तस्करों के खिलाफ एक बहुत बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस कमिश्नर श्री सतिंदर सिंह (IPS), डीसीपी इन्वेस्टिगेशन श्री मनप्रीत सिंह ढिल्लों (PPS), एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन श्री देव सिंह (PPS), और एसीपी डिटेक्टिव श्री अमरबीर सिंह (PPS) के दिशा-निर्देशों व स्पेशल सेल के इंचार्ज एसआई मनजिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने दो शातिर तस्करों को दबोचा है.

पुलिस ने टी-पॉइंट नखाण वाला बाग, तिलक नगर के पास नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की हुंडई आई-20 कार (PB-91-6313) को रोका, जिसे दीपक उर्फ दीपूप चला रहा था. तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलोग्राम हेरोइन और 7 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई. इसके बाद थाना भार्गव कैंप में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपने साथी साहिल (निवासी अमृतसर, हाल निवासी करोल बाग, रामा मंडी, जालंधर) का खुलासा किया.

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30.09.2026 को आरोपी साहिल को भी गिरफ्तार कर लिया, जिसके कब्जे से एक हुंडई वरना कार (PB08-FM-7999), 1 किलोग्राम और हेरोइन, तथा 0.32 बोर की पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए. इस प्रकार पुलिस कुल 2 किलो हेरोइन, 7.80 लाख रुपये ड्रग मनी, दो कारें और अवैध हथियार बरामद करने में सफल रही है. गिरफ्तार आरोपी दीपक के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की सुरागकशी में जुटी है.

Share This Article
Leave a comment