अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की सीआईए (CIA) स्टाफ टीम ने गुरु नानक नगर में हुई फायरिंग की गुत्थी को सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (IPS) के दिशा-निर्देशों और उच्च अधिकारियों की निगरानी में तकनीकी व खुफिया सोर्स की मदद से इस वारदात को अंजाम देने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना 4 नवंबर 2026 की रात करीब 10:15 बजे की है, जब गुरु नानक नगर (डिब्बी कॉलोनी) निवासी साहिल पुत्र जनक राज अपने घर के बाहर अपनी XUV 500 गाड़ी (नंबर HR51-AR-7578) के पास मौजूद था। इसी दौरान पहले कुछ अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने रेकी की और फिर मुंह ढके दो हथियारबंद युवकों ने पिस्तौल से गाड़ी पर 5-6 राउंड फायर किए तथा जाते समय साहिल को जान से मारने की नीयत से उस पर भी गोली चलाई। पुलिस ने 5 नवंबर को थाना डिवीजन नंबर 1 में BNS की धारा 109, 191(3), 190, 324(4) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। गहन तफ्तीश में सामने आया कि शिकायतकर्ता साहिल पहले एक कत्ल के केस में कपूरथला जेल में बंद था, जहां उसकी दोस्ती गढ़ा निवासी एक अन्य युवक साहिल (जिस पर पहले से 4 मुकदमे दर्ज हैं और जो अब विदेश में रह रहा है) से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों में किसी बात को लेकर तकरार हो गई और उन्होंने एक-दूसरे के परिवारों को फोन पर जान से मारने की धमकियां दीं। इसी रंजिश के चलते विदेश बैठे साहिल ने अपने साथियों के जरिए यह जानलेवा हमला करवाया। पुलिस ने 13 नवंबर को कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जशनदीप सिंह समेत कुल 3 शूटरों को काबू किया है। गिरफ्तार आरोपी जशनदीप सिंह (जिसके खिलाफ थाना ब्यास में चोरी और NDPS एक्ट के तहत पहले भी दो मामले दर्ज हैं) के कब्जे से एक .30 बोर पिस्तौल समेत 5 जिंदा कारतूस, एक .315 बोर देसी कट्टा समेत 1 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई सिल्वर रंग की वरना कार (नंबर PB02-EL-1803) बरामद की गई है। मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपी सरवन पुत्र राज सिंह निवासी डेले की पत्ती (बाबा बकाला) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।

