अमृतसर: पंजाब पुलिस द्वारा संगठित अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीमा पार से संचालित हो रहे दो अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्कों का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 अत्याधुनिक (सोफिस्टिकेटेड) पिस्तौल बरामद किए हैं।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से विदेशों में बैठे हैंडलरों के सीधे संपर्क में थे। ये विदेशी हैंडलर सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप भारत भेजते थे, जिसे आरोपी तय ठिकानों से प्राप्त करते थे। इसके बाद ये हथियार पंजाब में आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोहों और अपराधियों तक सप्लाई किए जाते थे।
इस संबंध में थाना छेहरटा और थाना सिविल लाइंस, अमृतसर में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन हथियारों की डिलीवरी किन-किन अपराधियों को की जानी थी और इस गिरोह में कौन-कौन से अन्य साथी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे सिंडिकेट को जड़ से खत्म करने के लिए गहन पूछताछ जारी है।

