रायपुर/मथुरा: देशभर में आज गोवर्धन पूजा (अन्नकूट) का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर उत्तर प्रदेश के ब्रज क्षेत्र—खासकर मथुरा, वृंदावन और गोवर्धन धाम में अद्भुत भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। सुबह से ही स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से पहुंचे लाखों श्रद्धालु पवित्र गोवर्धन पर्वत की सप्तकोसीय परिक्रमा कर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना में लीन हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दोपहर 12 बजे दानघाटी मंदिर, मुकुट मुखारविंद और जटीपुरा मुखारविंद सहित क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान का भव्य दुग्धाभिषेक संपन्न किया जाएगा। मंदिरों और घरों में भगवान को अर्पित करने के लिए पारंपरिक छप्पन भोग व विभिन्न प्रकार के व्यंजनों से सजा अन्नकूट तैयार किया गया है। सनातन परंपरा के अनुरूप आज के दिन गोमाता की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है; लोग गायों को स्नान कराकर उनका श्रृंगार कर रहे हैं तथा उन्हें गुड़, चावल और ताजी घास खिलाकर सुख, समृद्धि एवं परिवार के कल्याण की कामना कर रहे हैं। ब्रज भूमि से लेकर देश के कोने-कोने तक मंदिर ‘राधे-राधे’ और ‘गिरिराज धरण की जय’ के जयकारों से गूंज रहे हैं।

