कल खुलेंगे बदरीनाथ धाम के कपाट, सुबह 6:15 बजे होंगे बद्री विशाल के दर्शन, श्रद्धालुओं में भारी उत्साह**

चमोली/देहरादून: करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र भगवान बदरी विशाल के पावन धाम के कपाट कल सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पूरे बदरीनाथ धाम को भव्य रूप से सजाया गया है। शीतकालीन प्रवास के बाद भगवान बद्री विशाल के प्रतिनिधि स्वरूप उद्धव जी महाराज और देवताओं के खजांची कुबेर जी की पवित्र उत्सव डोलियां योगध्यान बद्री मंदिर पांडुकेश्वर से बदरीनाथ धाम पहुंच चुकी हैं। इस दिव्य आगमन के साथ ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया है। आज सुबह योगध्यान बद्री मंदिर में पारंपरिक पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और वैदिक मंत्रों के बीच डोली यात्रा का शुभारंभ हुआ। भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुनों, “जय बद्री विशाल” के गगनभेदी जयकारों और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने माहौल को और दिव्य बना दिया। धाम में देश-विदेश से श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल है। माना जा रहा है कि इस बार कपाट खुलने के अवसर पर रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंच सकते हैं। प्रशासन, मंदिर समिति और सुरक्षा एजेंसियों ने सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कल सुबह जैसे ही कपाट खुलेंगे, बदरीनाथ धाम एक बार फिर भक्तों के जयकारों से गूंज उठेगा।

Share This Article
Leave a comment