फगवाड़ा: शहर और आसपास के इलाकों में चोरों और झपटमारों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे मासूम बच्चों को भी अपना शिकार बनाने से नहीं चूक रहे। ताजा मामला फगवाड़ा के गांव नूर से सामने आया है, जहां दिन-दिहाड़े बाइक सवार दो शातिर स्नेचरों ने एक 8 वर्षीय बच्चे को अपनी बातों में उलझाकर उसके गले से चांदी की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और रोष का माहौल है।
पतंग की कीमत पूछने के बहाने पास बुलाया
पीड़ित बच्चे हरजोत सिंह ने बताया कि वह दोपहर के समय अपने भाई के साथ पैदल दुकान से पतंग खरीदकर घर लौट रहा था। रास्ते में एक पुरानी बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक उनके पास आकर रुके। उन्होंने बच्चों से पतंग के बारे में बातचीत शुरू की और पूछा कि यह पतंग कितने की है। जब बच्चों ने कहा कि पतंग 10 रुपये की है, तो आरोपियों ने हरजोत को इशारा करके अपने करीब बुलाया। मासूम हरजोत जैसे ही बाइक के पास पहुंचा, आरोपियों ने झपट्टा मारकर उसके गले से चांदी की चेन खींच ली और तेजी से बाइक दौड़ाकर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार में रोष, पुलिस से की तुरंत गिरफ्तारी की मांग
मासूम हरजोत के पिता वैभव सिंह ने बताया कि दोपहर के समय बच्चा रोज की तरह पतंग लेने गया था, लेकिन स्नेचरों ने दिन के उजाले में इस वारदात को अंजाम देकर कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। पीड़ित परिवार ने तुरंत स्थानीय पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दोनों स्नेचरों की पहचान की जाए और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।
