जालंधर में गुरुद्वारा साहिब के बाहर लूट की कोशिश करने वाला शातिर बदमाश मानव उर्फ लोहा गिरफ्तार; पुलिस टीम पर भी किया था हमला

जालंधर: पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (IPS), एडीसीपी सिटी-1 मुख्तियार राय (PPS) और एसीपी सेंट्रल राजेश ठाकुर (PPS) के दिशा-निर्देशों पर कमिश्नरेट पुलिस की थाना डिवीजन नंबर 4 ने लूटपाट व स्नैचिंग की वारदातों में शामिल एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई शहीद उधम सिंह नगर निवासी हरजोत सिंह लकी (मुख्य सेवादार, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब, अजीत नगर) की शिकायत पर शुरू की गई थी। शिकायत के मुताबिक, 1 सितंबर की देर रात लगभग 1:45 बजे मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों ने किसी वारदात की नीयत से गुरुद्वारा परिसर में घुसने की कोशिश की और मुख्य द्वार पर मौजूद एस. मेजर सिंह पर हमला कर उन्हें लूटने का प्रयास किया। शिकायत मिलते ही एएसआई संजीव बावा ने बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर नंबर 117 दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू की।

जांच के दौरान एसएचओ अजमेर लाल के नेतृत्व में तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया तंत्र के आधार पर आरोपी की पहचान मानव उर्फ लोहा, पुत्र दीपक कुमार, निवासी अली मोहल्ला, जालंधर के रूप में हुई। गुप्त सूचना के बाद जब एएसआई संजीव बावा के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की, तो आरोपी ने सरकारी ड्यूटी में बाधा डालते हुए गंभीर चोट पहुंचाने की नीयत से एएसआई संजीव बावा पर हमला कर दिया, जिससे एएसआई के हाथ पर चोटें आईं। वारदात के बाद भागने की कोशिश के दौरान गिरने से आरोपी भी घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे घेराबंदी कर काबू कर लिया। पुलिस पर हमले और सरकारी काम में रुकावट डालने के आरोप में उसके खिलाफ एफआईआर नंबर 118 भी दर्ज की गई है। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का चाकू बरामद किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी मानव उर्फ लोहा पर पहले भी हत्या के प्रयास, डकैती, स्नैचिंग और झगड़े जैसी गंभीर धाराओं के तहत चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी का रिमांड हासिल कर अन्य वारदातों और उसके साथियों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।

Share This Article
Leave a comment