जालंधर: पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित आयोजनों की श्रृंखला के अंतर्गत स्थानीय लायलपुर खालसा कॉलेज के प्रांगण में एक अलौकिक एवं भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया गया। पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 500 अत्याधुनिक ड्रोनों के अद्भुत तालमेल और रंग-बिरंगी रोशनियों के माध्यम से आसमान में गुरु साहिब के जीवन, उच्च विचारों, हस्तशिल्प और महान उपदेशों पर आधारित सुंदर आकृतियां उकेरी गईं। हजारों की तादाद में पहुंची संगत ने आधुनिक तकनीक के इस विहंगम दृश्य को निहारा, जिसके जरिए सामाजिक समरसता, दया, सामाजिक न्याय और विश्व बंधुत्व के शाश्वत संदेश का प्रभावशाली प्रचार-प्रसार किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध रागी भाई जसबीर सिंह जालंधर वालों के जत्थे द्वारा किए गए भावपूर्ण शब्द कीर्तन से हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं पंजाब के मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार गुरु साहिब के दर्शन को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए वचनबद्ध है और यह ड्रोन शो उसी दिशा में एक विलक्षण प्रयास है। उन्होंने जानकारी दी कि 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पूरे पंजाब में कुल 92 ड्रोन शो करवाए जा रहे हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालयों में अकादमिक सेमिनार, गांवों में विशेष प्रचार वैनें, कीर्तन दरबार, मैराथन और डेरा सच्चखंड बल्लां के समीप 10 एकड़ से अधिक भूमि पर ‘श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र’ की स्थापना जैसे ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। वहीं पर्यटन विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने कहा कि तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी को गुरु जी के ‘बेगमपुरा’ और समानता के फलसफे से जोड़ना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने बताया कि इस कड़ी के तहत 9 सितंबर को शाहकोट, 10 सितंबर को रंधावा मसंदा और 11 सितंबर को फिल्लौर में भी ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर मेयर विनीत धीर, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, चेयरमैन अमृतपाल सिंह, चेयरमैन मंगल सिंह बासी, संत प्रदीप दास कठार वाले, ‘आप’ नेता राजविंदर कौर थियाड़ा, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह और एसडीएम शुभी आंगरा सहित प्रशासनिक अधिकारी व भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
