अखंड केसरी ब्यूरो :- मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता एमी विर्क को लेकर कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। एबॉट्सफोर्ड शहर में आयोजित एक लाइव म्यूजिक कंसर्ट के बाद लौटते समय उनके काफिले से जुड़ी एक गाड़ी पर अज्ञात हमलावरों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमी विर्क एबॉट्सफोर्ड स्थित ‘रोजर्स फोरम’ (Rogers Forum) में एक शो में प्रस्तुति देने पहुंचे थे। कार्यक्रम के सफल समापन के बाद जब उनका काफिला वहां से रवाना हुआ, तभी मैक्कलम रोड (McCallum Road) के पास एक गहरे रंग की एसयूवी में सवार हथियारबंद हमलावरों ने काफिले की एक गाड़ी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, गाड़ी पर लगभग सात राउंड गोलियां दागी गईं। घटना के समय संबंधित वाहन में चार लोग सवार थे। गनीमत यह रही कि इस जानलेवा हमले में किसी भी व्यक्ति के हताहत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
फायरिंग की इस खौफनाक वारदात के कुछ ही देर बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक एसयूवी धू-धू कर जलती हुई बरामद हुई। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने के इरादे से वाहन में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है और जली हुई एसयूवी तथा फायरिंग की घटना के आपसी संबंधों की फॉरेंसिक पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस इस गंभीर पहलू की भी गहनता से जांच कर रही है कि क्या यह हमला पूर्व नियोजित था और इसका सीधा निशाना एमी विर्क ही थे अथवा इसके पीछे गैंगवार या रंगदारी से जुड़ा कोई अन्य एंगल शामिल है। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने वाहन में सवार लोगों की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की है और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है।
